खेल

बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा और राहुल तेवतिया, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद

बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा और राहुल तेवतिया, भस्म आरती में लिया आशीर्वाद

​उज्जैन। भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा और राहुल तेवतिया समेत पांच खिलाड़ी बुधवार तड़के श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे। सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे सभी खिलाड़ियों ने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए और मंत्र जाप करते हुए आराधना की। इस दौरान चहल, राणा और तेवतिया के साथ सुमित कुमार और अमित कुमार भी मौजूद रहे। आरती के बाद सभी ने मंदिर की देहरी से भगवान का आशीर्वाद लिया और पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। दर्शन के उपरांत मंदिर समिति की ओर से सभी खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया।

​दर्शन के बाद युजवेंद्र चहल ने कहा कि करीब पांच महीने बाद दोबारा महाकाल के दरबार में आकर उन्हें बेहद सकारात्मक ऊर्जा महसूस हो रही है। उन्होंने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि भारी भीड़ के बावजूद यहां दर्शन और पूजा में कोई परेशानी नहीं होती। वहीं, नीतीश राणा ने कहा कि वह पहले भी कई बार यहां आ चुके हैं और जब भी जीवन में कोई दुविधा आती है, तो वह बाबा महाकाल का ही रुख करते हैं।

​गणेश स्वरूप में हुआ बाबा महाकाल का विशेष शृंगार

​अगहन माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा पर बुधवार सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने पंचामृत से भगवान का अभिषेक किया। इसके बाद भांग, चंदन और सिंदूर से बाबा महाकाल का ‘गणेश स्वरूप’ में भव्य शृंगार किया गया। भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की मालाएं धारण कराकर फल व मिष्ठान का भोग लगाया गया। अंत में महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित कर आरती की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *