उत्तराखंड

भारत-नेपाल छारछुम मोटर पुल पर आवाजाही शुरू, लेकिन जल्द ही भारतीय वाहनों को चुकाना होगा ‘भंसार’ शुल्क

भारत-नेपाल छारछुम मोटर पुल पर आवाजाही शुरू, लेकिन जल्द ही भारतीय वाहनों को चुकाना होगा ‘भंसार’ शुल्क

​पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी पर बने बहुप्रतीक्षित छारछुम मोटर पुल के उद्घाटन के बाद दोनों देशों के बीच वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। हालांकि, आने वाले दिनों में इस पुल से नेपाल जाने वाले भारतीय वाहन स्वामियों को सीमा शुल्क (भंसार) चुकाना होगा, जबकि नेपाली नागरिक अन्य बॉर्डर पुलों की तरह ही भारतीय सीमा में बिना किसी शुल्क के आ-जा सकेंगे।

​नेपाल प्रशासन ने धारचूला-छारछुम पुल पर भंसार व्यवस्था लागू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए नेपाल के असीगाड़ क्षेत्र में भंसार कार्यालय और सुरक्षा निकायों को स्थापित करने हेतु जमीन का चयन कर लिया गया है। नेपाल के दार्चुला जिले के सहायक जिलाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि दोनों देशों की सहमति के बाद जल्द ही यहां निर्माण कार्य शुरू होगा। कार्यालय शुरू होते ही भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश के लिए कागजी प्रक्रिया के साथ शुल्क देना होगा। गौरतलब है कि चंपावत के बनबसा बॉर्डर पर भी नेपाल जाने वाले भारतीय वाहनों से 600 रुपये भंसार वसूला जाता है, जबकि नेपाली वाहनों की एंट्री फ्री रहती है।

​व्यापार बढ़ेगा और शादियों में खत्म होगी पैदल चलने की मजबूरी

​भंसार शुल्क की तैयारी के बीच, यह मोटर पुल सीमांत इलाकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। पुल के शुरू होने से अब राशन, निर्माण सामग्री और भारी सामान की ढुलाई तेज व सस्ती होगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच सदियों पुराने पारिवारिक और वैवाहिक रिश्तों को भी नई मजबूती मिली है। अब तक शादी-ब्याह के मौके पर दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को झूला पुल से पैदल गुजरना पड़ता था, लेकिन अब वे सीधे गाड़ियों में सवार होकर एक-दूसरे के घर पहुंच सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *