खेल

नैरोबी में 3 दिसंबर से सजेगी दिग्गज क्रिकेटरों की महफिल, सुपर 90 सीजन-4 में भिड़ेंगी सात टीमें

नैरोबी में 3 दिसंबर से सजेगी दिग्गज क्रिकेटरों की महफिल, सुपर 90 सीजन-4 में भिड़ेंगी सात टीमें

​नई दिल्ली। क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर पुराने और दिग्गज इंटरनेशनल सितारों का जलवा देखने को मिलने वाला है। केन्या की राजधानी नैरोबी में 3 दिसंबर से ‘सुपर 90’ टूर्नामेंट के चौथे सीजन की शुरुआत होने जा रही है। 12 दिनों तक चलने वाले इस रोमांचक टूर्नामेंट में सात फ्रेंचाइजी टीमों के बीच कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि खिताबी फाइनल मैच 14 दिसंबर को होगा। इस लीग का मकसद अंतरराष्ट्रीय सितारों और स्थानीय केन्याई खिलाड़ियों को एक साथ लाकर देश में क्रिकेट को बढ़ावा देना है।

​इस सीजन में वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल पंजाब टाइटन्स की कमान संभालेंगे, तो वहीं बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन लंदन जायंट्स की जर्सी में दिखेंगे। इंग्लैंड के जेसन रॉय मेरू थंडर्स और एलेक्स हेल्स नैरोबी लायंस के लिए खेलते नजर आएंगे। इसके अलावा तिलकरत्ने दिलशान, शॉन मार्श, कार्लोस ब्रैथवेट, फैबियन एलन, अंबाती रायुडू, क्रिस लिन, इमाद वसीम और मिशेल जॉनसन जैसे कई बड़े नाम भी इस लीग में अपना अनुभव जोड़ेंगे।

​शुरुआती मुकाबलों का शेड्यूल और समय

​टूर्नामेंट में हरियाणा वॉरियर्स, पंजाब टाइटन्स, नैरोबी लायंस, मेरू थंडर्स, एल्डोरेट टाइगर्स, दिल्ली रॉयल्स और लंदन जायंट्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं। नैरोबी जिमखाना क्रिकेट क्लब में 3 दिसंबर को होने वाले पहले मैच में पंजाब टाइटन्स का सामना दिल्ली रॉयल्स से होगा। इसके बाद 4 दिसंबर को नैरोबी लायंस बनाम लंदन जायंट्स और दिल्ली रॉयल्स बनाम हरियाणा वॉरियर्स के मुकाबले होंगे। 5 दिसंबर को लंदन जायंट्स की टक्कर एल्डोरेट टाइगर्स से और मेरू थंडर्स का मुकाबला पंजाब टाइटन्स से होगा।

​टूर्नामेंट के सभी मुकाबले रोजाना दो स्लॉट में खेले जाएंगे। भारतीय समयानुसार पहला मैच दोपहर 2:00 बजे से और दूसरा मुकाबला शाम 5:00 बजे से शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *