ऑस्ट्रेलिया के फ्लिंडर्स द्वीप पर भड़की भीषण आग, जानलेवा आपातस्थिति घोषित
ऑस्ट्रेलिया के फ्लिंडर्स द्वीप पर भड़की भीषण आग, जानलेवा आपातस्थिति घोषित
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण-पूर्वी तट के पास स्थित फ्लिंडर्स द्वीप पर जंगल की आग ने बेहद विकराल रूप ले लिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने यहां जानलेवा आपातस्थिति घोषित कर दी है। तस्मानिया राज्य की अग्निशमन सेवा ने बुधवार सुबह इमरजेंसी वॉर्निंग जारी करते हुए द्वीप के उत्तर-पश्चिमी तटीय इलाके में मौजूद स्थानीय लोगों और पर्यटकों को साफ चेतावनी दी है कि अब वहां से बाहर निकलने में बहुत देर हो चुकी है। आग ने निकासी के रास्तों को अपनी चपेट में ले लिया है, ऐसे में बाहर निकलने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।
अधिकारियों के मुताबिक, द्वीप के एक प्राकृतिक अभयारण्य में बिजली गिरने से यह आग भड़की थी, जो अब तक करीब 3,000 हेक्टेयर इलाके को खाक कर चुकी है। लोगों को आग बुझाने की कोशिश न करने और घरों के भीतर सुरक्षित कमरों में शरण लेने की सलाह दी गई है। साथ ही, घने धुएं और हवा के साथ उड़ती चिंगारियों से बचने के लिए सभी दरवाजे-खिड़कियां और एयर कंडीशनर बंद रखने को कहा गया है।
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में भी बेकाबू हुई आग
ऑस्ट्रेलिया में जंगल की आग का कहर सिर्फ तस्मानिया तक ही सीमित नहीं है। इससे पहले 20 नवंबर को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर के उत्तरी उपनगरों में भी बेकाबू आग के चलते आपातकालीन चेतावनी जारी की गई थी। मध्य पर्थ से करीब 35 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में तेजी से फैलती आग को देखते हुए लोगों को जरूरी सामान के साथ सुरक्षित जगहों पर जाने या घर की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया था। वहां आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों के साथ-साथ विमानों की भी मदद ली जा रही है।

