यूक्रेन पर रूस के रातभर हमले, कीव में दो लोगों की मौत; खार्किव में 28 घायल
यूक्रेन पर रूस के रातभर हमले, कीव में दो लोगों की मौत; खार्किव में 28 घायल
यूक्रेन में रूस के हमले लगातार जारी हैं। रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुए रूसी हमलों में यूक्रेन के कई इलाकों में जान-माल और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, कीव क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई, जबकि खार्किव में 28 लोग घायल हुए हैं, जिनमें नौ बच्चे शामिल हैं।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि खार्किव में एक ऊंची रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया, जिससे दूसरी और चौथी मंजिल के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। कीव में ड्रोन हमलों के कारण रिहायशी इमारतों, संचार बुनियादी ढांचे और पेट्रोल पंपों को नुकसान पहुंचा। एक कैफे भी क्षतिग्रस्त हुआ और राजधानी के एक फूड मार्केट में आग लगने की घटना सामने आई।
उन्होंने बताया कि ओडेसा क्षेत्र में पलाऊ के झंडे वाले एक जहाज को भी निशाना बनाया गया। जाइटॉमिर क्षेत्र में एक आइसक्रीम फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा सुमी, रिव्ने, खार्किव और ओडेसा में रिहायशी इमारतों तथा विनित्सिया, निप्रो, खमेलनित्स्की और जापोरिज्जिया में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी गई है।
जेलेंस्की के अनुसार, कीव क्षेत्र में मारे गए दो लोगों में एक अजरबैजान का नागरिक भी शामिल था। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि प्रभावित इलाकों में आपातकालीन सेवाएं काम कर रही हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत पर जोर देते हुए एयर डिफेंस, ऊर्जा क्षेत्र और बजटीय सहायता को यूक्रेन के लिए तत्काल जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों से निपटने के लिए ठोस फैसलों और सहायता की आवश्यकता है।
