अंकिता भंडारी के माता-पिता धरने पर बैठे, हरीश रावत भी हुए शामिल, विनोद आर्य के खिलाफ FIR दर्ज न होने पर जताया विरोध
अंकिता भंडारी के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठे, विनोद आर्य के खिलाफ FIR दर्ज न होने पर जताया विरोध
देहरादून। अंकिता भंडारी के माता-पिता ने आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज न किए जाने के विरोध में गांधी पार्क में धरना शुरू कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी पीड़ित परिवार को अपना समर्थन देने के लिए धरना स्थल पर पहुंचे हैं।
हाल ही में हरिद्वार में विनोद आर्य ने अपने वकील के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता भंडारी से जुड़ी कुछ निजी चैट सार्वजनिक की थीं। इस कदम पर अंकिता के माता-पिता ने कड़ी आपत्ति जताते हुए विनोद आर्य पर अपनी बेटी के चरित्र हनन का आरोप लगाया है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, बार काउंसिल में भी शिकायत
अंकिता के माता-पिता शिकायत लेकर राजपुर थाने भी पहुंचे थे, लेकिन पुलिस द्वारा विनोद आर्य या उनके वकील के खिलाफ अभी तक मामला दर्ज न किए जाने से नाराज होकर उन्होंने धरने का रास्ता अपनाया है।
इसके साथ ही परिवार ने बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के चेयरमैन राजबीर सिंह बिष्ट से मुलाकात कर अधिवक्ता अनुज पुण्डीर के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चेयरमैन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने और संबंधित अधिवक्ता के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

