राष्ट्रीय

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी, डॉलर इंडेक्स 20 महीने के उच्चतम स्तर पर

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी, डॉलर इंडेक्स 20 महीने के उच्चतम स्तर पर

​नई दिल्ली। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी का रुख बना हुआ है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं के दाम करीब 0.70 प्रतिशत तक फिसल गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 4 दिसंबर 2026 का वायदा भाव सुबह 10:40 बजे 627 रुपये यानी 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,21,702 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि यह पिछली बंद कीमत 1,22,329 रुपये के मुकाबले 1,21,900 रुपये पर खुला था।

​चांदी में भी यही दबाव देखने को मिला। खबर लिखे जाने तक चांदी का 4 दिसंबर 2026 कॉन्ट्रैक्ट 998 रुपये यानी 0.69 प्रतिशत टूटकर 1,44,440 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। चांदी ने 1,45,438 रुपये के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 1,45,003 रुपये पर शुरुआत की थी।

​अमेरिकी फेड और मजबूत डॉलर से बढ़ा दबाव

​बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले महीने होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका और डॉलर इंडेक्स में तेजी के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना है। छह प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत मापने वाला डॉलर इंडेक्स लगभग 20 महीनों के उच्चतम स्तर 103.93 पर पहुंच गया है।

​अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 0.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,545 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.69 प्रतिशत फिसलकर 40.50 डॉलर प्रति औंस पर रही। रिटर्न के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोने ने बीते एक महीने में 11 प्रतिशत, छह महीनों में 22 प्रतिशत और एक साल में करीब 15 प्रतिशत का नकारात्मक रिटर्न दिया है। वहीं, चांदी में एक महीने में 25 प्रतिशत, छह महीनों में 47 प्रतिशत और एक साल में करीब 24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *