केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी: भारी मशीनों, पोर्ट, एयरपोर्ट और डाक विभाग से जुड़ी 19 हजार करोड़ से अधिक की पांच बड़ी योजनाएं
केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी: भारी मशीनों, पोर्ट, एयरपोर्ट और डाक विभाग से जुड़ी 19 हजार करोड़ से अधिक की पांच बड़ी योजनाएं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की पांच प्रमुख परियोजनाओं और योजनाओं को हरी झंडी दी गई है। इनमें देश में भारी निर्माण मशीनरी के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ तमिलनाडु में पोर्ट टर्मिनल, असम में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और डाक विभाग की योजनाओं को मंजूरी शामिल है।
भारी मशीनरी, बंदरगाह और हवाई संपर्क का विस्तार
कैबिनेट ने क्रेन, बुलडोजर, अर्थमूवर, टनल बोरिंग मशीन (TBM) और अन्य बड़े निर्माण उपकरणों के घरेलू निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसका मकसद भारत को बुनियादी ढांचा उपकरणों के निर्माण का बड़ा केंद्र बनाना और आयात पर निर्भरता घटाना है। इसके अलावा, तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट में 4,288 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के व्यापार व उद्योग को लाभ मिलेगा।
पूर्वोत्तर में संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा। इसमें 12,351 वर्गमीटर का टर्मिनल भवन और 2,705 मीटर लंबा व 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा।
डाक सेवाओं और बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण
बैठक में डाक विभाग के लिए दो योजनाओं को भी मंजूरी मिली। पार्सल कारोबार को गति देने के लिए 1,141 करोड़ रुपये की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम के तहत 67 पार्सल हब और 519 पार्सल पैकेजिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी, जबकि ग्रामीण डाकघरों को बिजनेस हब के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं, 491 करोड़ रुपये की एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम के जरिए डाक संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, ऐतिहासिक डाक भवनों के संरक्षण और डाकघर बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण पर काम होगा।

