खेल

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग: गिल और जायसवाल को बड़ा फायदा, गेंदबाजों में बुमराह दूसरे स्थान पर पहुंचे

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग: गिल और जायसवाल को बड़ा फायदा, गेंदबाजों में बुमराह दूसरे स्थान पर पहुंचे

​दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बुधवार को टेस्ट रैंकिंग जारी कर दी है। बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा को जबरदस्त फायदा मिला है। बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक शीर्ष पर और कप्तान जो रूट दूसरे स्थान पर कायम हैं। टेम्बा बावुमा एक स्थान के सुधार के साथ तीसरे नंबर पर आ गए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड एक स्थान खिसककर चौथे और स्टीव स्मिथ पांचवें स्थान पर हैं।

​भारतीय बल्लेबाजों में ऋषभ पंत एक पायदान चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि शुभमन गिल तीन स्थान की छलांग के साथ सातवें नंबर पर काबिज हुए हैं। न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र दो स्थान के नुकसान के साथ आठवें स्थान पर हैं। यशस्वी जायसवाल ने पांच स्थान की लंबी छलांग लगाकर नौवां स्थान हासिल किया है, वहीं अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह दो स्थान नीचे गिरकर दसवें पायदान पर आ गए हैं। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के रयान रिकेल्टन 10 स्थान की छलांग के साथ 16वें और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स 13 स्थान ऊपर चढ़कर 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

​गेंदबाजी रैंकिंग में स्टार्क नंबर-1, बुमराह को तीन स्थान का लाभ

​टेस्ट गेंदबाजों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पहले स्थान पर बने हुए हैं। भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह तीन स्थान की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के ओली रॉबिनसन दो स्थान के फायदे के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी को दो-दो स्थान का नुकसान हुआ है और वे क्रमशः चौथे व पांचवें स्थान पर हैं।

​शीर्ष दस गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा दो स्थान की छलांग के साथ छठे, सिमरोन हार्मर सातवें, ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बौलेंड दो स्थान गिरकर आठवें, पैट कमिंस नौवें और जोश हेजलवुड दसवें स्थान पर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *