राष्ट्रीय

केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट: अब 9 घंटे का सफर महज 36 मिनट में होगा पूरा, 5000 करोड़ की लागत से बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रोपवे

केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट: अब 9 घंटे का सफर महज 36 मिनट में होगा पूरा, 5000 करोड़ की लागत से बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रोपवे

​नई दिल्ली। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में शामिल केदारनाथ धाम का दुर्गम सफर जल्द ही बेहद आसान होने जा रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 5,000 करोड़ रुपये की लागत वाले केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट का खाका पेश किया। रुद्रप्रयाग जिले में बनने वाला यह रोपवे करीब 11,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित होगा, जो इसे दुनिया के सबसे ऊंचे और लंबे रोपवे में से एक बनाएगा। इस परियोजना के शुरू होने के बाद सोनप्रयाग या गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक की 16 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई, जिसमें अभी 8 से 9 घंटे लगते हैं, महज 27 से 36 मिनट में पूरी हो जाएगी।

​पर्वतमाला परियोजना के तहत मंजूर इस 13 किलोमीटर लंबे रोपवे को पीपीपी (PPP) के बीओटी (BOT) मॉडल पर तैयार किया जाएगा। नितिन गडकरी ने बताया कि पहले इसे सरकारी खर्च से बनाने का विचार था, लेकिन बाद में निजी निवेश के जरिए बनाने का फैसला लिया गया। इससे सरकारी कोष पर कोई बोझ नहीं पड़ेगा, बल्कि सरकार को सालाना 800 करोड़ रुपये की रॉयल्टी के रूप में आय होगी। इस परियोजना के निर्माण और अगले 29 वर्षों तक संचालन की जिम्मेदारी अदाणी समूह को मिली है।

​आधुनिक ‘3S’ तकनीक से लैस होगा रोपवे, रोजाना 18 हजार श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

​इस रोपवे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भारत में पहली बार इसमें ‘ट्राई केबल डिटैचेबल गोंडोला’ (3S) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। तीन केबल तारों पर आधारित यह तकनीक तेज हवाओं और खराब मौसम में भी केबिन को पूरी तरह सुरक्षित रखेगी। रोपवे के हर केबिन में करीब 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी और यह प्रति घंटे 1,800 यात्रियों को ले जा सकेगा।

​इस सुविधा के शुरू होने से रोजाना 18,000 से अधिक श्रद्धालु, विशेषकर बच्चे, बुजुर्ग और दिव्यांगजन बिना थके बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। इससे खच्चर, पालकी और महंगे हेलीकॉप्टरों पर निर्भरता कम होगी, साथ ही केदारनाथ रूट पर होटल, होमस्टे और स्थानीय रोजगार को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *