अन्तर्राष्ट्रीय

नेतन्याहू की गुपचुप UAE यात्रा, राष्ट्रपति से मुलाकात; हमास हमले की चेतावनी पर हुई चर्चा

नेतन्याहू की गुपचुप UAE यात्रा, राष्ट्रपति से मुलाकात; हमास हमले की चेतावनी पर हुई चर्चा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को गुपचुप तरीके से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा की और अबू धाबी में राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। यात्रा की पुष्टि एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने की है। इजरायली मीडिया के मुताबिक, नेतन्याहू निजी विमान से UAE पहुंचे और करीब चार घंटे वहां रहे।

मुलाकात को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया था कि बातचीत का एक प्रमुख मुद्दा ईरान था। हालांकि, बाद की रिपोर्टों के मुताबिक बैठक में 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले से पहले UAE नेतृत्व की ओर से इजरायल को कथित चेतावनी दिए जाने से जुड़ा विवाद भी उठा। दो लोगों के अनुसार, नेतन्याहू ने शेख मोहम्मद से इस रिपोर्ट का खंडन करने का अनुरोध किया।

यह विवाद इस महीने इजरायली अखबार ‘हारेत्ज’ में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद सामने आया था। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि शेख मोहम्मद ने 7 अक्टूबर के हमले से पहले नेतन्याहू को हमास के संभावित बड़े हमले को लेकर चेतावनी दी थी। नेतन्याहू के कार्यालय ने इस दावे को पहले ही खारिज कर दिया है।

UAE के विदेश मंत्रालय ने बैठक की खबरों पर सीधे टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, मंत्रालय ने कहा है कि UAE इजरायल के साथ खुले और सीधे संपर्क बनाए रखता है तथा संबंधित खुफिया जानकारी साझा करता है। नेतन्याहू कार्यालय की ओर से भी यात्रा और बैठक पर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

इजरायल और UAE ने 2020 में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए ‘अब्राहम समझौते’ के तहत राजनयिक संबंध स्थापित किए थे। नेतन्याहू की यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब ईरान और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के बीच सहयोग और संपर्क लगातार चर्चा में है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *