Sunday, September 27, 2026
राष्ट्रीय

तिलकनगर सड़क निरीक्षण के दौरान थप्पड़ विवाद, प्रवेश वर्मा ने दी सफाई, युवक ने भी बताई पूरी घटना 

तिलकनगर सड़क निरीक्षण के दौरान थप्पड़ विवाद, प्रवेश वर्मा ने दी सफाई, युवक ने भी बताई पूरी घटना 

दिल्ली के तिलकनगर में सड़क निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा और आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक जरनैल सिंह के साथ आए साहिब सिंह के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। वीडियो में प्रवेश वर्मा साहिब सिंह का मोबाइल नीचे करते और उसके बाद उन्हें थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।

साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि वह जरनैल सिंह के सोशल मीडिया से जुड़े काम देखते हैं और सड़क की स्थिति की लाइव रिकॉर्डिंग कर रहे थे। उनके मुताबिक, इसी दौरान प्रवेश वर्मा ने उनका फोन नीचे किया और उन्हें थप्पड़ मारा। साहिब सिंह ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उनके साथ आए कुछ लोगों ने उन्हें धमकी दी।

वहीं, विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उन्होंने सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उठाकर मंत्री को उसकी स्थिति दिखाई। उनका आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ा और उनके साथ मौजूद साहिब सिंह को थप्पड़ मारा गया।

प्रवेश वर्मा ने बताया अपना पक्ष

घटना के बाद प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि सामने आए वीडियो में पूरे घटनाक्रम का संदर्भ नहीं दिखाया गया है। वर्मा के मुताबिक, मौके पर मौजूद एक AAP कार्यकर्ता ने उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था।

प्रवेश वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक जरनैल सिंह PWD अधिकारियों पर ठेकेदार से मुलाकात और कमीशन की व्यवस्था करने का दबाव डाल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में एक इंजीनियर ने पुलिस में शिकायत की है। इन आरोपों पर AAP नेताओं की ओर से अलग दावे किए गए हैं।

वर्मा ने कहा कि वह सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे और करीब 45 मिनट तक विधायक का इंतजार किया। उनके अनुसार, विधायक के पहुंचने के बाद विवाद बढ़ा और उनके एक कार्यकर्ता की ओर से परिवार के खिलाफ कथित टिप्पणी के बाद उन्होंने प्रतिक्रिया दी।

AAP की ओर से घटना को लेकर मंत्री पर कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं और मामले पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *