सुचिका तारियाल ने MMA में रचा इतिहास, एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पक्का किया पहला पदक
सुचिका तारियाल ने MMA में रचा इतिहास, एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पक्का किया पहला पदक
भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर सुचिका तारियाल ने एशियन गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पहला मेडल पक्का कर दिया है। 36 वर्षीय सुचिका ने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में 2025 की IMMAF विश्व चैंपियन अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
7 साल के ब्रेक के बाद शानदार वापसी
सुचिका ने साल 2017 में जीत के साथ MMA में कदम रखा था, जिसके बाद उन्होंने खेल से सात साल का लंबा ब्रेक लिया और इस दौरान जूडो व जू-जित्सु में अपनी पहचान बनाई। नवंबर 2024 में उन्होंने BRAVE कॉम्बैट फेडरेशन के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया और दिसंबर 2024 में बहरीन में हुए BRAVE CF 92 के जरिए प्रोफेशनल MMA में धमाकेदार वापसी की।
उन्होंने बताया कि जूडो के जरिए उनकी ग्राउंड फाइटिंग और ग्रैपलिंग मजबूत हुई थी, जिसके बाद उन्होंने मुंबई के अंधेरी स्थित ‘वन पंच एकेडमी’ में कोच निखिल कुंदर के मार्गदर्शन में स्टैंडिंग गेम और स्ट्राइकिंग स्किल्स की कड़ी ट्रेनिंग ली।
कई खेलों में देश का मान और टीवी शो का सफर
सुचिका ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो और 2023 एशियन गेम्स में कुराश में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, साथ ही वह 2024 में जिउ-जित्सु वर्ल्ड चैंपियन भी बनीं। हालांकि, जिउ-जित्सु टीम का ढांचा बदलने और ट्रायल्स रद्द होने के बाद उन्होंने MMA का रुख किया और सफलता हासिल की।
अपनी खेल उपलब्धियों के अलावा, वह MTV रोडीज और प्राइम वीडियो के शो ‘इंडियाज अल्टीमेट वॉरियर’ में भी नजर आ चुकी हैं। देश के लिए कई इंटरनेशनल इवेंट्स में शिरकत करने के लिए उन्हें देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
