हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब पर बड़ा हमला, रियाद और यानबू को बनाया निशाना
हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब पर बड़ा हमला, रियाद और यानबू को बनाया निशाना
यमन के हूती गुट ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद और औद्योगिक व ऊर्जा केंद्र यानबू को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने अल-मसीराह टीवी के जरिए जारी बयान में दावा किया कि इन हमलों में भारी मात्रा में बैलिस्टिक, क्रूज मिसाइलों और ड्रोनों का इस्तेमाल किया गया है।
एयरपोर्ट के पास फ्यूल डिपो में लगी आग
शनिवार को रियाद में दो बार तेज धमाके सुने गए, जिसके बाद राजधानी के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास अरामको के फ्यूल डिपो में आग लग गई। सोशल मीडिया और एएफपी द्वारा वेरिफाई किए गए फुटेज में एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का गुबार उठता देखा गया। इस घटना के कारण कुछ उड़ानों के संचालन में भी देरी हुई।
सऊदी गठबंधन ने नाकाम किए हमले
सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने रियाद को निशाना बनाने वाली हूती बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया। इसके अलावा ताइफ, फरासान और यानबू पर हुए हमलों को भी पूरी तरह नाकाम कर दिया गया है। गठबंधन ने इन हमलों को नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने वाला करार दिया है और भविष्य में ऐसे हमलों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है।
