भारत फाइनल में, बांग्लादेश को 114 रन से दी मात
भारत फाइनल में, बांग्लादेश को 114 रन से दी मात
एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट इवेंट के फाइनल में एक बार फिर भारत और श्रीलंका की भिड़ंत होगी। रविवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रन के बड़े अंतर से हराटक फाइनल का टिकट कटा लिया है।
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 4 विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पारी की मुख्य आकर्षण शेफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की शतकीय पारी खेली। उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह पहला शतक है। इस शतकीय पारी के दौरान उन्होंने 9 छक्के और 3 चौके लगाए। इसके साथ ही उन्होंने स्मृति मंधाना के 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाए गए सबसे तेज भारतीय महिला टी20 शतक (49 गेंद) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। शेफाली के अलावा स्मृति मंधाना ने 37 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 40 रन का योगदान दिया।
बांग्लादेश की टीम सस्ते में सिमटी
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में महज 81 रन पर ढेर हो गई। बांग्लादेश की ओर से दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 24 रन बनाए। भारत के लिए गेंदबाजी में नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट झटके, जबकि श्री चरणी को 2 और क्रांति गौड़ तथा श्रेयांका पाटिल को 1-1 सफलता मिली।
अब श्रीलंका से खिताबी मुकाबला
गोल्ड मेडल के लिए भारतीय टीम का मुकाबला मंगलवार को सुबह 10:30 बजे से श्रीलंका के खिलाफ होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराया था। वहीं, कांस्य पदक के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें मंगलवार सुबह 5:30 बजे आमने-सामने होंगी।
