डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, अमेरिका में बनेगी ‘एआई फोर्स’ और जल्द होगी ‘एआई जार’ की नियुक्ति
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, अमेरिका में बनेगी ‘एआई फोर्स’ और जल्द होगी ‘एआई जार’ की नियुक्ति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को अगली औद्योगिक क्रांति करार देते हुए कहा है कि इस शानदार इंडस्ट्री की बढ़ोतरी को किसी भी तरह रोका या दबाया नहीं जाएगा। अपने ‘ट्रुथ सोशल’ अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए ट्रंप ने ऐलान किया कि वह एक ‘एआई फोर्स’ का गठन कर रहे हैं और जल्द ही एआई मामलों की कमान संभालने के लिए एक शीर्ष अधिकारी यानी ‘एआई जार’ के नाम की घोषणा करेंगे।
जीडीपी में 25% तक योगदान की उम्मीद
ट्रंप ने एआई की तुलना इंटरनेट और अगली औद्योगिक क्रांति से करते हुए दावा किया कि भविष्य में अमेरिकी सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में एआई का योगदान 25 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह चुपचाप बैठकर इस इंडस्ट्री को बर्बाद होते नहीं देख सकते। सरकार इस सेक्टर की बढ़ोतरी में मदद करेगी और इस पर नजर रखेगी, साथ ही मौजूदा न्याय व्यवस्था के जरिए गलत काम करने वालों से भी सख्ती से निपटा जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने डेमोक्रेट्स द्वारा एआई को खत्म करने की बातों को ‘झूठा दावा’ करार दिया।
अमेरिकी न्याय विभाग का रुख
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब अमेरिका में एआई के विकास और इसके खतरों को लेकर बहस तेज है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका एआई की दौड़ में चीन से पीछे रहने का जोखिम नहीं उठा सकता। उन्होंने कहा कि न्याय विभाग एआई से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों की जांच जरूर करेगा, लेकिन वह इस टेक्नोलॉजी को नियंत्रित करने वाली एजेंसी की भूमिका नहीं निभाएगा।
