मेघालय के जल और वन संरक्षण मॉडल का अध्ययन करने शिलांग पहुंचा उत्तराखंड का दल, चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को मिलेगा लाभ
मेघालय के जल और वन संरक्षण मॉडल का अध्ययन करने शिलांग पहुंचा उत्तराखंड का दल, चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को मिलेगा लाभ
देहरादून/चम्पावत। उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोतों (धारा-नौला) के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय संयुक्त दल मेघालय के अध्ययन भ्रमण पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस तीन दिवसीय भ्रमण में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा वन और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी शामिल हैं। दौरे के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने दल को JICA द्वारा वित्तपोषित ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक (KfW) द्वारा वित्तपोषित ‘MEGARISE’ परियोजनाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
दल ने MEGALIFE परियोजना के अंतर्गत संचालित ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मॉडल के तहत 50 प्रतिशत महिला भागीदारी वाली स्थानीय समितियों को प्राकृतिक वन संरक्षण के बदले प्रतिवर्ष 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की आर्थिक प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस पहल से शिलांग की संबंधित ग्राम समिति ने 46-47 हेक्टेयर वन क्षेत्र को संरक्षित किया है और सामुदायिक विकास के लिए समिति के खाते में लगभग 15 लाख रुपये जमा हैं।
बायोचार प्लांट और कार्बन क्रेडिट से ग्रामीण आय बढ़ाने पर जोर
भ्रमण के दौरान SARRA के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी जायजा लिया। मई 2026 में MBDA, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और निजी संस्था के त्रिपक्षीय समझौते से शुरू हुए इस पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से बायोचार उत्पादन और कार्बन क्रेडिट का लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने पर कार्य किया जा रहा है, जिसमें कोर कार्बन एक्स के प्रतिनिधियों ने तकनीकी जानकारी साझा की। इसके साथ ही दल ने कृषि वानिकी (एग्रोफॉरेस्ट्री) तकनीकों का भी अध्ययन किया, जिसे उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों और चम्पावत की जल संरक्षण समितियों के लिए उपयोगी माना जा रहा है।

