मुंबई में अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मनसे ने भी की शो रद्द करने की मांग
मुंबई में अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मनसे ने भी की शो रद्द करने की मांग
मुंबई। मुंबई में 26/11 आतंकी हमलों की बरसी के दिन बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को भेजे गए एक ईमेल में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क और शहर के अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के साथ ‘जलसा’ को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर के बाद से अमिताभ बच्चन के आवास को तीसरी बार ऐसी धमकी मिली है।
ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए ‘बब्बर खालसा (परमार कनाडा)’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ जैसे संगठनों के नाम लिखे गए हैं। इसमें धमकी दी गई है कि यदि शुक्रवार, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित हुआ, तो शहर में लगातार 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले किए जाएंगे। हालांकि, मुंबई पुलिस पहले ही इस कार्यक्रम को अनुमति दे चुकी है।
मनसे ने की कॉन्सर्ट रद्द करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
दूसरी ओर, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को रद्द करने की मांग को लेकर ताड़देव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मनसे ने 22 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए एक अन्य कार्यक्रम में एंटी-नारकोटिक्स सेल की जांच के दौरान 12 लोगों के ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव आने का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शो रद्द नहीं किया गया, तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर महालक्ष्मी रेसकोर्स के पास ‘रास्ता रोको’ आंदोलन किया जाएगा।

