रूस के भीषण हमलों से यूक्रेन के कई शहरों में बिजली गुल, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मांगी तत्काल एयर डिफेंस मदद
रूस के भीषण हमलों से यूक्रेन के कई शहरों में बिजली गुल, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मांगी तत्काल एयर डिफेंस मदद
रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने जानकारी दी है कि शनिवार रात रूसी सेना ने देश के कई इलाकों में ऊर्जा व्यवस्था और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर बड़े हमले किए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने निप्रो, विन्नित्सिया, जाइटॉमिर और खमेलनित्स्की क्षेत्रों में बिजली के सबस्टेशन, ट्रांसफॉर्मर और पावर लाइनों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इन हमलों के कारण सैकड़ों-हजारों परिवार बिजली से वंचित हो गए हैं, हालांकि प्रभावित इलाकों में मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति के अनुसार, पिछले एक हफ्ते में रूस ने देश पर 1,940 ड्रोन, 1,580 से अधिक गाइडेड एरियल बम और 44 मिसाइलें (जिनमें 36 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल हैं) दागी हैं। उन्होंने कहा कि रूस इंटरसेप्टरों की कमी का फायदा उठाकर इस सर्दी में यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह तबाह करने की कोशिश कर रहा है।
जेलेंस्की ने अमेरिका, यूरोप और अन्य साझेदार देशों से पैट्रियट मिसाइल प्रणालियों और एयर डिफेंस से जुड़े फैसलों को बिना किसी देरी के तुरंत लागू करने की अपील की है, ताकि समय पर यूक्रेनी नागरिकों की रक्षा की जा सके।

