क्रिकेट से दूर हार्दिक पंड्या ने मशहूर यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट के शो में जीते 95 लाख रुपये, राशि को किया दान
क्रिकेट से दूर हार्दिक पंड्या ने मशहूर यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट के शो में जीते 95 लाख रुपये, राशि को किया दान
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या इन दिनों भले ही चोट के चलते मैदान से दूर हैं, लेकिन वह किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार वह क्रिकेट बैट की जगह बेसबॉल बैट थामकर भारी-भरकम इनामी राशि जीतने को लेकर चर्चा में आ गए हैं।
हाल ही में हार्दिक दुनिया के सबसे लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर ‘मिस्टर बीस्ट’ (MrBeast) के एक वीडियो में नजर आए। इस वीडियो में उन्होंने इंटरनेट सेंसेशन के खिलाफ एक बेसबॉल चैलेंज में हिस्सा लिया। चुनौती यह थी कि बेसबॉल को पार्क के बाहर हिट करना था और विपक्षी से ज्यादा होम रन मारने थे। हार्दिक ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और मिस्टर बीस्ट को हराकर करीब 94.9 लाख रुपये (लगभग 95 लाख रुपये) की प्राइज मनी अपने नाम कर ली।
सबसे खास बात यह रही कि हार्दिक ने इस जीती गई पूरी राशि को अपने पास रखने के बजाय गरीब बच्चों की भलाई और जरूरतमंद कुत्तों के लिए काम करने वाली कई संस्थाओं को दान करने का बड़ा फैसला किया।
चोट के कारण पिछले कुछ समय से क्रिकेट से दूर चल रहे हार्दिक ने अपना आखिरी मुकाबला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में खेला था। इसके बाद से वह कई द्विपक्षीय सीरीज से बाहर रहे हैं, हालांकि वह भारत के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स में गिने जाते हैं। उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 94 वनडे में 1,904 रन और 91 विकेट लिए हैं, जबकि 138 टी20 मैचों में 2,288 रन और 114 विकेट अपने नाम किए हैं। टेस्ट क्रिकेट से वह पहले ही खुद को अलग कर चुके हैं।

