पाक-अफगान सीमा पर बढ़ा तनाव: पाकिस्तान ने आतंकवाद को बताया ‘रेड लाइन’, दी सख्त चेतावनी
पाक-अफगान सीमा पर बढ़ा तनाव: पाकिस्तान ने आतंकवाद को बताया ‘रेड लाइन’, दी सख्त चेतावनी
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर जारी विवाद के बाद दोनों देशों के रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इस्लामाबाद ने शनिवार को तालिबान सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि आतंकवाद पाकिस्तान के लिए ‘रेड लाइन’ है और अपने नागरिकों की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
पाकिस्तानी सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार रात जारी बयान में आरोप लगाया कि तालिबान नेतृत्व अफगान सरजमीं से शुरू होने वाली आतंकी गतिविधियों को रोकने में लगातार नाकाम रहा है। इस्लामाबाद ने काबुल को चेतावनी दी है कि वह सीमा पार से आने वाले आतंकी खतरों को खत्म करने के लिए कोई भी आवश्यक कदम उठा सकता है और उसकी सुरक्षा तालिबान की ढुलमुल प्राथमिकताओं के भरोसे नहीं रहेगी।
यह तीखी प्रतिक्रिया तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान पर बातचीत के जरिए मतभेदों को सुलझाने से बचने और गलत नीतियां अपनाने का आरोप लगाया था।
दोनों पड़ोसी देशों के बीच ताजा विवाद तब गहराया जब सीमा पर दोनों ओर से भारी गोलाबारी और सैन्य कार्रवाई हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साउथ वजीरिस्तान और पाराचिनार सीमा पर 27 अक्टूबर को हुई फायरिंग के जवाब में पाकिस्तानी सेना ने तालिबान की कई सीमा चौकियों को नष्ट करने का दावा किया, जबकि अफगान रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान पर ड्रोन हमलों का आरोप लगाया है।

