मनोरंजन

जयपुर में कॉन्सर्ट के दौरान पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के स्टेज पर कूदा फैन, डरकर चीख पड़ीं गायिका

जयपुर में कॉन्सर्ट के दौरान पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के स्टेज पर कूदा फैन, डरकर चीख पड़ीं गायिका

​’जानी तेरा ना’ और ‘पागल नहीं होना’ जैसे सुपरहिट गानों से मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा हाल ही में जयपुर में एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान असहज स्थिति का शिकार हो गईं। शनिवार शाम जयपुर के बस्सी दयारामपुरा स्थित आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में उनका शो चल रहा था, तभी परफॉर्मेंस के बीच अचानक एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर स्टेज पर आ गया।

​वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सुनंदा जब स्टेज पर गाना गा रही थीं, तब अचानक सफेद शर्ट पहने एक शख्स उनके पास पहुंच गया, जिसे देखकर वह घबराकर जोर से चीख पड़ीं। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए उस फैन को मंच से नीचे उतार दिया। इस दौरान सुनंदा मंच पर ‘कोई बात नहीं’ कहती नजर आईं और कुछ ही देर में हंगामे के बीच तुरंत स्टेज से नीचे चली गईं। 34 वर्षीय गायिका की तरफ से इस घटना पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

​डिप्रेशन के अपने मुश्किल दौर को कर चुकी हैं साझा

हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान सुनंदा ने अपने जीवन के सबसे कठिन दौर का जिक्र करते हुए बताया था कि वह डिप्रेशन से भी जूझ चुकी हैं। उन्होंने साझा किया था कि वह करीब ढाई महीने तक पूरी तरह अंधेरे कमरे में अकेली रहीं और परिवार से भी लगभग कट गई थीं। इसके अलावा, उन्होंने गाजियाबाद के एक कॉलेज में हुई उस घटना का भी जिक्र किया था जिसमें एक छात्र ने उन्हें छूने की कोशिश की थी, हालांकि बाद में उस छात्र ने माफी मांग ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *