HPV टीकाकरण अभियान में चमोली प्रदेश में अव्वल, 68.6% बालिकाओं का हुआ टीकाकरण
HPV टीकाकरण अभियान में चमोली प्रदेश में अव्वल, 68.6% बालिकाओं का हुआ टीकाकरण
चमोली: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान में चमोली जिले ने उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले में लक्षित 14 वर्षीय 3,174 बालिकाओं में से अब तक 2,177 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इसके साथ ही जिले ने 68.6 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।
स्वास्थ्य विभाग चला रहा व्यापक अभियान
जिले में एचपीवी टीकाकरण की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण अनुभाग, सूचना-शिक्षा एवं संचार प्रकोष्ठ, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और आशा कार्यकर्ता विद्यालयों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीके के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अहम कदम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय स्तर पर 28 फरवरी 2026 से 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है।
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र बालिकाओं को यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे लक्षित आयु वर्ग की अपनी बालिकाओं का टीकाकरण जरूर कराएं और अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में जारी टीकाकरण
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमें लगातार विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण के साथ जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रही हैं।
स्वास्थ्य कर्मी बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी देने के साथ उनकी शंकाओं का समाधान भी कर रहे हैं। विभाग का लक्ष्य जिले में सभी पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करना है।
