उत्तराखंड

जिला चिकित्सालय चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण, स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली नई मजबूती

जिला चिकित्सालय चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण, स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली नई मजबूती

चंपावत: जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है और स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

आपात स्थिति में मरीजों को मिलेंगे जरूरी रक्त घटक

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में पहली बार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी। नई यूनिट शुरू होने से चंपावत के मरीजों को रक्त घटकों के लिए दूसरे जिलों पर निर्भरता कम होगी।

20 करोड़ की लागत से बना क्रिटिकल केयर ब्लॉक

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाएं भी स्थापित की जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग और प्रथम एवं द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग तथा ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जा रहा है।

चंपावत में तेजी से विकसित हो रहा बुनियादी ढांचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए स्वास्थ्य के साथ सड़क, पार्किंग, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण जल्द शुरू होगा। मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब और पर्यटन आवास गृह में भी पार्किंग सुविधाओं का विकास किया गया है।

इसके अलावा जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जबकि भूमिगत विद्युत लाइनों का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 240 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में आदर्श मॉडल बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- दूसरे जिलों पर निर्भरता होगी कम

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को जरूरी रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और दूसरे जिलों के अस्पतालों पर उनकी निर्भरता भी कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *