सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सीएम योगी का हमला, कहा- चुनाव से पहले ही विफल हो चुका है गठजोड़
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सीएम योगी का हमला, कहा- चुनाव से पहले ही विफल हो चुका है गठजोड़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एक साक्षात्कार के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि सपा के लिए अब ‘राम नाम सत्य’ का समय आ रहा है। अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले अक्सर डूबते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि 1990 के दशक में सपा नेतृत्व को सद्बुद्धि आई होती, तो रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलतीं, और अब उन्हें इस कृत्य के लिए हिंदुओं व रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए।
सीएम योगी ने सपा के ‘पीडीए’ फॉर्मूले को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि उनकी राजनीति केवल परिवार तक ही सीमित है। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह गठजोड़ चुनाव से पहले ही विफल हो चुका है, क्योंकि एक तरफ सीट बंटवारे पर बैठकें चल रही हैं और दूसरी तरफ एकतरफा प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी ऐसा रॉकेट बताया जो बार-बार लॉन्च होकर विफल रहता है। मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों और स्थान बदल चुके लोगों के नाम हटने चाहिए तथा किसी भी विदेशी घुसपैठिए को मताधिकार नहीं मिलना चाहिए।
यूपी के विकास और कानून व्यवस्था का रखा लेखा-जोखा
अपने सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि 2017 के बाद से प्रदेश की अर्थव्यवस्था, बजट और प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि जहां पिछली सरकारों में कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, वहीं आज प्रदेश में राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और आगामी 26 जनवरी तक यह आंकड़ा साढ़े दस लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
कानून व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए सीएम ने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की ओर गलत निगाह डालने वालों के लिए केवल जेल या जहन्नुम ही जगह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श बताते हुए उन्होंने कहा कि वे पार्टी के एक सामान्य सिपाही हैं और आगामी चुनाव में एनडीए के सहयोगी दलों के साथ मिलकर कमल के फूल के निशान पर ही मैदान में उतरेंगे।

