कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर भाजपा का तमिलनाडु सरकार और विपक्षी गठबंधन पर निशाना
कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर भाजपा का तमिलनाडु सरकार और विपक्षी गठबंधन पर निशाना
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम पर्व के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित न किए जाने के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार और विपक्षी गठबंधन पर कड़ा हमला बोला है।
सुधांशु त्रिवेदी ने अपने बयान में आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कार्तिगई दीपम (जिसे उत्तर भारत में कार्तिक पूर्णिमा या देव दीपावली कहा जाता है) के दिन ‘दीपथून’ के ऊपर दीप नहीं जलाने दिया गया। उन्होंने इसे राज्य सरकार की विफलता करार देते हुए कहा कि यह घटनाक्रम विपक्षी दलों की कथित ‘इरेडिकेशन ऑफ सनातन धर्म’ (सनातन धर्म के उन्मूलन) की विचारधारा से प्रेरित है। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से सवाल करते हुए कहा कि क्या किसी अन्य धर्म के पर्व के दिन इस तरह की रोक लगाने का साहस किया जा सकता है।
पुराने मामलों और कानूनी प्रक्रिया का दिया हवाला
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रवक्ता ने तमिलनाडु से जुड़े कुछ पुराने विवादों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2021 में पेरंबदूर जिले के कोलत्तूर गांव में मंदिर की पूजा और घंटा-घड़ियाल रोकने को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर बाद में मद्रास हाईकोर्ट ने आदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने सितंबर 2022 में तिरुचिरापल्ली (त्रिची) जिले के तिरुचेंदुरई गांव के एक 1500 वर्ष पुराने मंदिर पर वक्फ बोर्ड के दावे का जिक्र करते हुए हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि 6 जनवरी 2026 को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी राज्य सरकार ने 10 महीने तक कोई रिव्यू पिटीशन दाखिल नहीं की और सीधे 10 नवंबर को जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि इस पवित्र पहाड़ी का उल्लेख संगम साहित्य में भी मिलता है और इससे जुड़ा कानूनी मामला 1923 में ही मदुरै कोर्ट द्वारा सुलझाया जा चुका था। उन्होंने इसे तमिल संस्कृति का अपमान बताते हुए कहा कि समय आने पर इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

