यूपी में सीट बंटवारे पर भड़के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, सपा को घेरा; कहा- हम कोई भिखारी नहीं
यूपी में सीट बंटवारे पर भड़के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, सपा को घेरा; कहा- हम कोई भिखारी नहीं
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी (सपा) की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाते हुए गठबंधन की एकजुटता को लेकर नाराजगी जताई है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में मसूद ने सपा पर एकतरफा फैसले लेने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है।
समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस के लिए 26 सीटें तय किए जाने की चर्चाओं पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस ने उनसे सीटें नहीं मांगी थीं, फिर भी उन्होंने अपने स्तर पर घोषणा कर दी। उन्होंने इसे ‘तानाशाही’ रवैया करार देते हुए कहा कि अगर इसी तरह से काम होगा तो इसे गठबंधन नहीं कहा जा सकता और इससे पता चलता है कि उनमें गंभीरता नहीं है। मसूद ने शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा, “उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है।”
’यह तय हो कि लड़ाई भाजपा से है या कांग्रेस से’
सहारनपुर से दो प्रत्याशियों को उतारने के मुद्दे पर मसूद ने साफ किया कि जब कांग्रेस को अपना उम्मीदवार उतारना होगा, तो वह जरूर उतारेगी। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि बातचीत कुछ होती है और जमीन पर कुछ और हो जाता है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के फैसलों पर नाराजगी जताते हुए मसूद ने कहा कि अगर उन्हें साथ चलना है, तो पहले साथ चलने के तौर-तरीके सीखने होंगे।
कांग्रेस की अगली रणनीति के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि वे अपनी पार्टी से बंधे हैं और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी समेत शीर्ष नेतृत्व जो भी फैसला लेगा, वे उसी का पालन करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि सपा की घोषणाओं से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन अब यह साफ हो जाना चाहिए कि असल लड़ाई भाजपा से है या कांग्रेस से। उन्होंने बताया कि पार्टी में चर्चा के बाद जल्द ही कांग्रेस का आधिकारिक बयान सामने आएगा।

