राजनीति

पंजाब ओपिनियन पोल: राज्य में फिर बन सकती है ‘आप’ की सरकार, सीएम पद के लिए भगवंत मान पहली पसंद  

पंजाब ओपिनियन पोल: राज्य में फिर बन सकती है ‘आप’ की सरकार, सीएम पद के लिए भगवंत मान पहली पसंद  

​चंडीगढ़। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब की राजनीति को लेकर ‘स्कोर’ (SCORE) ओपिनियन पोल के दूसरे राउंड के ताजा नतीजे सामने आ गए हैं। 15 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित इस सर्वे के मुताबिक, यदि राज्य में आज चुनाव कराए जाएं तो आम आदमी पार्टी (AAP) एक बार फिर स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर सकती है। कुल 117 सीटों वाली पंजाब विधानसभा में बहुमत के लिए 59 सीटों की जरूरत है, जिसके मुकाबले ‘आप’ को 66 से 79 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को 12 से 29, शिरोमणि अकाली दल (SAD) को 5 से 9, भाजपा को 4 से 12 और ‘वारिस पंजाब दे’ (WPD) को 0 से 4 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा 1 सीट अन्य के खाते में जाने और 9 सीटों पर कांटे की टक्कर होने की संभावना जताई गई है।

​वोट शेयर की बात करें तो आम आदमी पार्टी 35 प्रतिशत मतों के साथ पहले नंबर पर बनी हुई है, हालांकि अक्टूबर में हुए पहले राउंड (38%) के मुकाबले उसके वोट शेयर में 3 प्रतिशत की गिरावट आई है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस को 23.5 प्रतिशत, अकाली दल को 14.5 प्रतिशत, भाजपा को 14 प्रतिशत, WPD को 11 प्रतिशत और अन्य को 2 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। सर्वे में यह भी सामने आया है कि यदि अकाली दल और भाजपा मिलकर चुनाव लड़ते हैं, तो उनका संयुक्त वोट शेयर 29 प्रतिशत तक पहुंच सकता है और गठबंधन को 24 से 39 सीटें मिल सकती हैं।

​सीएम की रेस में मान सबसे आगे, आधे से ज्यादा लोग कामकाज से खुश

​अगले मुख्यमंत्री की पसंद के सवाल पर 37.13 प्रतिशत लोगों ने मौजूदा सीएम भगवंत मान पर भरोसा जताया है। उनके बाद कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी (15.93%) दूसरे और अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल (10.54%) तीसरे नंबर पर हैं। व्यक्तिगत रेटिंग में मान को 100 में से 74 अंक मिले हैं। इसके अलावा, 51.67 प्रतिशत मतदाताओं ने राज्य सरकार के कामकाज पर संतोष जताया है, जबकि 25.09 प्रतिशत लोगों ने इसे नकारात्मक और 23.25 प्रतिशत ने औसत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *