राजनीति

यूपी चुनाव 2027: सीट बंटवारे पर अखिलेश यादव की दो टूक, कहा- जीती हुई सीट ही दिलाएगी असली सम्मान  

यूपी चुनाव 2027: सीट बंटवारे पर अखिलेश यादव की दो टूक, कहा- जीती हुई सीट ही दिलाएगी असली सम्मान  

​लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर जारी बातचीत के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता वाली सीटों में से 26 सीटों पर चर्चा पूरी हो चुकी है और अब कांग्रेस नेतृत्व को बाकी संभावित सीटों की सूची भी भेज देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन का मकसद केवल सीटों की संख्या बांटना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करना है, क्योंकि जीती हुई सीट ही असली सम्मान दिलाती है।

​अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि यह एक ऐतिहासिक मौका है, जब दोनों पार्टियां मिलकर भाजपा और उसके सहयोगियों को हरा सकती हैं। इसके लिए जमीनी हकीकत और जनता की उम्मीदों को समझते हुए गंभीर मंथन जरूरी है। उन्होंने संकेत दिया कि सपा अपने चुनावी आकलन और जीत के गणित के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जिताऊ सीटों के सुझाव भी देगी, जिन पर कांग्रेस ने अभी तक विचार नहीं किया है। इसके साथ ही अखिलेश ने कहा कि सभी सीटों पर ‘इंडिया’ ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में बातचीत होनी चाहिए।

​समीकरण साधने के लिए उम्मीदवारों में बदलाव के संकेत

​चुनाव में जीत को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सपा प्रमुख ने टिकट वितरण में संभावित फेरबदल के भी संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कुछ नेताओं को एडजस्ट करना पड़ सकता है। अखिलेश ने माना कि भले ही कुछ नेताओं को पहले चुनाव लड़ाने का वादा किया गया हो, लेकिन राजनीतिक हालात और जीत की संभावनाओं को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव करना पड़ सकता है।

​दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम के बीच सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों में खींचतान भी देखने को मिल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहां कांग्रेस की ओर से करीब 120 से 130 सीटों की मांग रखी गई है, वहीं सपा ने शुरुआती तौर पर 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जिस पर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने असंतोष भी जताया है। हालांकि, दोनों दलों का कहना है कि बातचीत अभी जारी है और अगले दौर की बैठकों में स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *