उत्तराखंड

सीएम धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, पारदर्शिता और जनसेवा पर दिया जोर

सीएम धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, पारदर्शिता और जनसेवा पर दिया जोर

​देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने शासकीय आवास पर 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी चयनित अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि इनमें 13 बेटियों का शामिल होना प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की अहम कड़ी हैं, जिनका सीधा जुड़ाव आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से है। उन्होंने नामांतरण, पैमाइश और सीमांकन जैसे मामलों को संवेदनशीलता व समयबद्धता से निपटाने के निर्देश दिए।

​सीएम धामी ने अधिकारियों से कहा कि तहसील आने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की मदद पर विशेष ध्यान देने तथा आपदा के समय नुकसान का सही व त्वरित आकलन करने को कहा गया। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए उन्होंने बिना किसी दबाव या सिफारिश के नियमों के तहत काम करने और ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण व संतुष्टिकरण’ के मंत्र को अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि सख्त नकल विरोधी कानून के चलते पिछले पांच साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है।

​जनसेवा की भावना से काम करें अधिकारी

​इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पद केवल सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की पहुंच केवल तहसील स्तर तक है, उनके प्रति अधिकारियों की खास जिम्मेदारी बनती है। कार्यक्रम में राजस्व सचिव एस. एन. पाण्डेय, राजस्व परिषद की आयुक्त रंजना राजगुरु और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *