दिल्ली दंगा साजिश केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत से इनकार, दिल्ली पुलिस को नोटिस
दिल्ली दंगा साजिश केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत से इनकार, दिल्ली पुलिस को नोटिस
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, अदालत ने दोनों की ओर से दायर नई जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई), जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने स्पष्ट किया कि अंतरिम जमानत की मांग पर कोई भी विचार करने से पहले वह दूसरे पक्ष यानी दिल्ली पुलिस का रुख सुनेगी।
सुनवाई के दौरान उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत से अंतरिम जमानत पर जल्द विचार करने का आग्रह करते हुए दलील दी कि वे छह साल से अधिक समय से हिरासत में हैं। इसके बावजूद बेंच ने तत्काल राहत देने से मना कर दिया। इसके साथ ही, सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि तीन न्यायाधीशों की बेंच के गठन के लिए इस मामले को प्रशासनिक स्तर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखा जाए।
तीन जजों की बेंच को भेजे जाने की कानूनी वजह
सर्वोच्च न्यायालय का यह निर्देश इस साल 22 मई को ‘तस्लीम अहमद’ मामले में दो जजों की बेंच द्वारा दिए गए एक आदेश के संदर्भ में आया है। दरअसल, ‘गुलफिशा फातिमा’ और ‘केए नजीब’ मामलों के फैसलों के बीच संभावित कानूनी विरोधाभास को सुलझाने के लिए बड़ी बेंच की आवश्यकता महसूस की गई थी।
’केए नजीब’ मामले में सुप्रीम कोर्ट ने व्यवस्था दी थी कि यूएपीए (UAPA) के तहत सख्त शर्तों के बावजूद लंबी हिरासत और मुकदमे में देरी जमानत का आधार बन सकती है। वहीं, इसी साल जनवरी के ‘गुलफिशा फातिमा’ फैसले में पांच आरोपियों को राहत देते हुए खालिद और इमाम की जमानत खारिज कर दी गई थी। बाद में जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को छह महीने की अंतरिम जमानत देते हुए यूएपीए में जमानत से जुड़े कानूनी पहलुओं को स्पष्ट करने के लिए मामला बड़ी बेंच को भेजा था।

