उत्तराखंड

जौलजीबी मेला बवाल: कांग्रेस के चार नेता गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

जौलजीबी मेला बवाल: कांग्रेस के चार नेता गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

​पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जौलजीबी मेले के उद्घाटन के बाद हुए हंगामे और बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर कांग्रेस के चार नामजद नेताओं को गिरफ्तार किया और अदालत में पेश किया, जहां से सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

​चार आरोपी गिरफ्तार, छह पर दर्ज हुआ था केस

एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे के अनुसार, जांच में सामने आए सबूतों के आधार पर राम सिंह रोकाया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह और विक्रम दानू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि सबूतों से छेड़छाड़ रोकने, गवाहों को प्रभावित होने से बचाने और आरोपियों की कोर्ट में हाजिरी पक्की करने के लिए यह कदम उठाया गया। 14 तारीख को मेले के उद्घाटन के बाद हुए बवाल को लेकर अगले दिन धारचूला विधायक हरीश धामी समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।

​माइक तोड़ने और कुर्सियां फेंकने का आरोप

आरोप है कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मंच पर हंगामा किया, माइक तोड़ा और कुर्सियां फेंकीं। विधायक हरीश धामी ने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया।

​सियासी बयानबाजी और भाजपा का विरोध

इस घटना के बाद सियासत गरमा गई है। सीएम धामी ने कहा कि जनाधार खिसकने से कांग्रेस नेता मानसिक संतुलन खो रहे हैं, जबकि हरीश धामी ने पलटवार करते हुए सीएम पर आवाज दबाने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी जनप्रतिनिधियों के अपमान पर नाराजगी जताई। वहीं, विधायक के व्यवहार और बयानों के विरोध में पिथौरागढ़ और लोहाघाट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पुतले फूंके और इसे लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *