राष्ट्रीय

कनाडा के टॉप-25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल हुए मनप्रीत सिंह और पेड्रम रबी

कनाडा के टॉप-25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल हुए मनप्रीत सिंह और पेड्रम रबी

​कनाडा में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित दो आरोपियों—मनप्रीत सिंह और पेड्रम रबी—को देश के टॉप-25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल किया गया है। पील रीजनल पुलिस की सिफारिश पर दोनों के नाम ‘बी ऑन द लुक आउट’ (BOLO) प्रोग्राम की लिस्ट में जोड़े गए हैं। दोनों आरोपी अलग-अलग गोलीबारी और हत्या के प्रयास के मामलों में फरार चल रहे हैं।

​घर में घुसकर हत्या के मामले में वांछित है मनप्रीत सिंह

28 वर्षीय मनप्रीत सिंह पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की कोशिश का आरोप है। पुलिस जांच के अनुसार, 19 अगस्त 2025 को ब्रैम्पटन के बेहेम्पटन ड्राइव स्थित एक घर में दो हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर दो लोगों पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में मनप्रीत के खिलाफ 24 अक्टूबर 2025 को कनाडा-व्यापी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। पुलिस को आशंका है कि वारदात के कुछ समय बाद ही वह कनाडा छोड़कर भाग गया और उसके अमेरिका में भी संपर्क हो सकते हैं।

​कब्रिस्तान फायरिंग केस में आरोपी है पेड्रम रबी

दूसरा आरोपी पेड्रम रबी 31 अगस्त 2020 को ब्रैम्पटन के मेमोरियल गार्डन कब्रिस्तान में हुई गोलीबारी के मामले में वांछित है। एक शोक सभा के दौरान हुए विवाद में कई राउंड गोलियां चली थीं, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। 19 फरवरी 2026 को रबी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। उस पर हत्या की कोशिश और अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर आरोप हैं तथा उसके ग्रेटर टोरंटो एरिया व ईरान में संपर्क होने की आशंका है।

​पुलिस ने जारी की चेतावनी

पील रीजनल पुलिस ने दोनों आरोपियों को बेहद खतरनाक व हथियारबंद बताते हुए आम लोगों से उनके करीब न जाने और तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस चीफ निशान दुराईअप्पा के अनुसार, BOLO प्रोग्राम के जरिए आरोपियों की तस्वीरें और जानकारी सार्वजनिक कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *