राजनीति

आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ ED की याचिका खारिज, सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से किया इनकार

आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ ED की याचिका खारिज, सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से किया इनकार

​सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की याचिका खारिज कर दी है। यह मामला ‘मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी’ से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश में दखल देने से इनकार करते हुए इसे बरकरार रखा।

​सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह केवल एक अंतरिम आदेश है, इसलिए अदालत इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहती। पीठ ने स्पष्ट किया कि अंतरिम जमानत देते समय हाईकोर्ट की शुरुआती टिप्पणियों का मामले के अंतिम फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ईडी की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने दलील दी थी कि गिरफ्तारी के आधार बताए जाने से जुड़े तथ्यों को हाईकोर्ट ने गलत दर्ज किया है, लेकिन कोर्ट ने हाईकोर्ट के इरादों पर सवाल उठाने से इनकार कर दिया।

​17 नवंबर को मिली थी अंतरिम जमानत

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को आजम खान को अंतरिम जमानत दी थी। जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की खंडपीठ ने कहा था कि ईडी यह साबित नहीं कर सकी कि रिमांड से पहले आजम खान को गिरफ्तारी के लिखित आधार सही ढंग से दिए गए थे या नहीं। ईडी ने उन्हें 31 अक्टूबर को तब गिरफ्तार किया था, जब वे दो पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल से बाहर आए थे। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद बुधवार को उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *