राष्ट्रीय

दाऊद के पुराने ठिकाने ‘मुसाफिरखाना’ को ढहाने पर बॉम्बे हाई कोर्ट की रोक, वक्फ और मालिकाना हक पर उठे सवाल

दाऊद के पुराने ठिकाने ‘मुसाफिरखाना’ को ढहाने पर बॉम्बे हाई कोर्ट की रोक, वक्फ और मालिकाना हक पर उठे सवाल

​मुंबई के भिंडी बाजार स्थित ऐतिहासिक और विवादित इमारत ‘मुसाफिरखाना’ को ढहाने की कार्रवाई पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने तत्काल रोक लगा दी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की टीम इस जर्जर इमारत को गिराने के लिए मौके पर पहुंची थी, लेकिन इसी बीच हुई सुनवाई के बाद अदालत ने ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को थाम दिया।

​अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ा है इतिहास

1980 के दशक में ‘मुसाफिरखाना’ अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके गिरोह के शुरुआती ठिकाने के रूप में जाना जाता था। माना जाता है कि 1986 में देश छोड़ने से पहले दाऊद अपने परिवार के साथ इसी इमारत की दूसरी मंजिल पर रहता था और यहीं से अपने अवैध कारोबार का संचालन करता था। दूसरी ओर, स्थानीय लोग इस इमारत को ‘मस्जिद’ बताते हुए इसे गिराए जाने का विरोध कर रहे थे।

​कोर्ट ने क्यों लगाई रोक?

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि बीएमसी ने अचानक नोटिस देकर बिना जवाब या चुनौती का मौका दिए कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि, बीएमसी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि पहला नोटिस 2018 में ही जारी किया गया था। कोर्ट ने संपत्ति के मालिकाना हक और वक्फ बोर्ड के दर्जे पर सवाल उठाए, जिसे लेकर विवाद फिलहाल वक्फ ट्रिब्यूनल में लंबित है।

​बीएमसी क्यों गिराना चाहती है इमारत?

करीब 80 साल पुरानी इस इमारत को बीएमसी ने ‘C-1’ (बेहद खतरनाक) श्रेणी में रखा है। बीएमसी के मुताबिक, जनसुरक्षा और भिंडी बाजार पुनर्विकास परियोजना—जिसमें सड़क चौड़ीकरण भी शामिल है—के तहत इस जर्जर ढांचे को गिराना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *