बॉल-टैंपरिंग विवाद पर बैनक्रॉफ्ट का नया खुलासा: स्मिथ खुद को दूर रखना चाहते थे
बॉल-टैंपरिंग विवाद पर बैनक्रॉफ्ट का नया खुलासा: स्मिथ खुद को दूर रखना चाहते थे
2018 के केपटाउन बॉल-टैंपरिंग कांड को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब ‘सब्र’ में दावा किया कि इस साजिश की जानकारी सिर्फ तीन खिलाड़ियों को नहीं, बल्कि पूरी टीम को थी। इस दावे के बाद अब कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने घटना से पहले की बातचीत को लेकर नई बातें सामने रखी हैं।
बैनक्रॉफ्ट ने क्या कहा?
एक रिपोर्ट में बैनक्रॉफ्ट ने बताया कि सैंडपेपर इस्तेमाल करने की चर्चा में डेविड वॉर्नर और उनके अलावा ड्रेसिंग रूम के दूसरे खिलाड़ी भी शामिल थे। उनके मुताबिक, तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ बातचीत में आए थे, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया था कि वह इस योजना का हिस्सा नहीं बनना चाहते। बैनक्रॉफ्ट ने यह भी कहा कि उन्हें पता था कि यह चीटिंग है, लेकिन टीम में योगदान देने की इच्छा और नया खिलाड़ी होने के दबाव में उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि कुछ खिलाड़ियों ने उन्हें आगाह भी किया था।
वॉर्नर का समर्थन, कमिंस का इनकार
उस्मान ख्वाजा की किताब के दावों का पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर ने समर्थन किया है। दूसरी ओर, मौजूदा कप्तान और उस मैच में खेले पैट कमिंस ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए बकवास बताया है।
जांच से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का इनकार
साल 2018 की जांच में स्मिथ और वॉर्नर पर एक-एक साल जबकि बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का बैन लगा था। ताजा दावों के बावजूद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ कर दिया है कि वह इस मामले की दोबारा जांच नहीं करेगा।

