Siri AI और Apple Intelligence पर लगेगी डेली लिमिट: ज्यादा इस्तेमाल के लिए लेना होगा iCloud+
Siri AI और Apple Intelligence पर लगेगी डेली लिमिट: ज्यादा इस्तेमाल के लिए लेना होगा iCloud+
ऐपल (Apple) अपने AI फीचर्स के इस्तेमाल के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। कंपनी Siri AI और Apple Intelligence के कुछ एडवांस फीचर्स पर रोज़ाना इस्तेमाल की सीमा लगाने की तैयारी में है, जिसकी टेस्टिंग iOS 27.3 के बीटा वर्जन में शुरू हो चुकी है। तय सीमा खत्म होने के बाद यूजर्स को अगले दिन तक रुकना होगा या फिर ज्यादा इस्तेमाल के लिए iCloud+ प्लान लेना पड़ेगा।
क्यों लगाई जा रही है सीमा?
ऐपल के मुताबिक, कई एडवांस Siri AI और Apple Intelligence फीचर्स कंपनी के सर्वर पर चलने वाले बड़े AI मॉडल से काम करते हैं। इन्हें चलाने में काफी ज्यादा कंप्यूटिंग ताकत और खर्च लगता है, इसलिए इन पर डेली लिमिट तय की गई है। हालांकि, अलार्म या टाइमर लगाने, कॉल करने और साधारण मैसेज भेजने जैसे रोजमर्रा के Siri काम पहले की तरह बिना रोक-टोक चलते रहेंगे।
किन फीचर्स पर पड़ेगा असर?
यह सीमा सिर्फ Siri तक नहीं रहेगी। Image Playground से AI इमेज बनाने, Photos ऐप के Clean Up, Extend और Spatial Reframing टूल्स, Shortcuts के क्लाउड AI वर्कफ्लो और ऐपल के क्लाउड मॉडल का इस्तेमाल करने वाले कुछ थर्ड-पार्टी ऐप्स भी इस दायरे में आएंगे।
iCloud+ प्लान से कैसे बढ़ेगी लिमिट?
हर डिवाइस के लिए अलग स्टैंडर्ड लिमिट मिलेगी, जो आधी रात के आसपास रीसेट होगी। भारत में 75 रुपये (50GB) वाले प्लान में स्टैंडर्ड लिमिट ही रहेगी। वहीं 219 रुपये (200GB) में 2 गुना, 749 रुपये (2TB) में 5 गुना, 2,999 रुपये (6TB) में 10 गुना और 5,900 रुपये (12TB) वाले प्लान में 20 गुना तक ज्यादा इस्तेमाल की सुविधा मिलेगी। फिलहाल ऐपल ने हर प्लान की सटीक रिक्वेस्ट संख्या नहीं बताई है।

