राष्ट्रीय

वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) नियमों में बड़ा बदलाव: BS-6 निजी वाहनों के लिए अब 3 साल तक मान्य होगा सर्टिफिकेट

वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) नियमों में बड़ा बदलाव: BS-6 निजी वाहनों के लिए अब 3 साल तक मान्य होगा सर्टिफिकेट

​केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की नई अधिसूचना के तहत अब छह साल तक पुराने BS-6 निजी वाहनों के लिए पॉल्यूशन सर्टिफिकेट एक साल के बजाय तीन साल तक मान्य रहेगा। इससे वाहन मालिकों को हर साल सर्टिफिकेट रिन्यू कराने के झंझट से बड़ी राहत मिलेगी।

​निजी BS-6 वाहनों के लिए उम्र के हिसाब से नियम

केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम 2026 के तहत पीयूसी की वैधता अब वाहन की उम्र के आधार पर तय होगी:

​6 साल तक पुराने वाहन: पीयूसी सर्टिफिकेट 3 साल तक वैध रहेगा।

​6 से 10 साल तक पुराने वाहन: हर साल पीयूसी बनवाना अनिवार्य होगा।

​10 साल से अधिक पुराने वाहन: हर 6 महीने में सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।

​कमर्शियल और पुराने वाहनों के लिए क्या है व्यवस्था?

सरकार ने BS-6 कमर्शियल (परिवहन) वाहनों को भी राहत दी है। छह साल तक पुराने कमर्शियल वाहनों का पीयूसी अब दो साल तक चलेगा। वहीं, 6 से 10 साल पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए एक साल और 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए हर छह महीने में रिन्यूअल जरूरी होगा। इसके अलावा, BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों के लिए 3 महीने तथा BS-4 वाहनों के लिए 6 महीने की वैधता पहले की तरह ही लागू रहेगी।

​कब से लागू होगी नई वैधता?

अधिसूचना के अनुसार, यदि कोई वाहन मालिक मौजूदा पीयूसी की एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यूअल के लिए आवेदन करता है, तो नया प्रमाणपत्र पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति तारीख से ही प्रभावी माना जाएगा। एक्सपायरी के बाद रिन्यू कराने पर यह रिन्यूअल की तारीख से लागू होगा। पुराने सर्टिफिकेट धारकों को नई वैधता का लाभ नियमों के लागू होने के बाद पहले रिन्यूअल पर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *