राजनीति

तिरुवनंतपुरम में पुलिस से हुई चूक: पूर्व सीएम ए. के. एंटनी की पत्नी को पति संग थाने आने को कहा, गलती का अहसास होने पर सुलझा मामला

तिरुवनंतपुरम में पुलिस से हुई चूक: पूर्व सीएम ए. के. एंटनी की पत्नी को पति संग थाने आने को कहा, गलती का अहसास होने पर सुलझा मामला

​केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में पुलिस की एक अनोखी चूक का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गलत पहचान के चलते पुलिस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता ए. के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ को अपने पति के साथ थाने आने के लिए कह दिया।

​ईमेल की डिटेल पर नहीं गया अधिकारी का ध्यान

मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एलिजाबेथ ने एक शिकायत ईमेल के जरिए पुलिस को भेजी थी, जिसमें उन्होंने अपना परिचय साफ तौर पर ‘ए.के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ’ लिखा था। हालांकि, शिकायत पर कार्रवाई कर रहे अधिकारी का ध्यान इस बात पर नहीं गया। सामान्य प्रक्रिया के तहत शिकायत की पुष्टि करते हुए अधिकारी ने उन्हें फोन किया और आगे की कार्यवाही के लिए पति के साथ थाने आने को कहा।

​कमिश्नर के दखल के बाद मांगी गई माफी

बाद में जब पुलिस को पता चला कि उन्होंने केरल के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके वरिष्ठ नेता की पत्नी को थाने बुलाया है, तो महकमे में हड़कंप मच गया। तिरुवनंतपुरम सिटी पुलिस कमिश्नर ने मामले में दखल देते हुए म्यूजियम थाना प्रभारी (एसएचओ) को एलिजाबेथ से व्यक्तिगत रूप से मिलकर माफी मांगने के निर्देश दिए। हालांकि, एलिजाबेथ ने इसे अनजाने में हुई एक साधारण भूल मानते हुए अधिकारियों से कहा कि उन्हें आने या माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है।

​घर की मरम्मत से जुड़ा था विवाद

यह शिकायत किसी राजनीतिक मुद्दे से नहीं, बल्कि घर के रेनोवेशन (मरम्मत) से जुड़ी थी। काम के लिए रखे गए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर एडवांस पैसे लेने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया था और फोन भी नहीं उठा रहा था। पहचान की गलतफहमी दूर होने के बाद पुलिस ने तत्काल उस व्यक्ति को थाने बुलाकर बचा हुआ काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, जिसके बाद मामला सुलझ गया। पुलिस का कहना है कि अधिकारी से ईमेल देखने में महज एक चूक हुई थी, लेकिन यह घटना सियासी गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *