मलेशिया घूमने वालों के लिए बड़ा बदलाव: 1 जनवरी 2027 से खत्म होगी वीजा-फ्री एंट्री, पहले लेना होगा वीजा
मलेशिया घूमने वालों के लिए बड़ा बदलाव: 1 जनवरी 2027 से खत्म होगी वीजा-फ्री एंट्री, पहले लेना होगा वीजा
मलेशिया जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए अहम खबर है। नए साल यानी 1 जनवरी 2027 से मलेशिया भारतीय नागरिकों को मिलने वाली 30 दिनों की वीजा-मुक्त (वीजा-फ्री) प्रवेश सुविधा को बंद करने जा रहा है। इसके बाद मलेशिया की यात्रा करने वाले भारतीयों को पहले से वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा।
1 दिसंबर 2026 से शुरू होंगे वीजा आवेदन
मलेशिया के आव्रजन विभाग (JIM) की अधिसूचना के मुताबिक, यह वीजा-मुक्त सुविधा केवल 31 दिसंबर 2026 तक ही जारी रहेगी। 1 जनवरी 2027 से प्रवेश के लिए यात्रियों को 1 दिसंबर 2026 से आधिकारिक ‘माईवीजा’ (MyVISA) पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
वीजा फीस रिफंड नहीं, मेडिकल इंश्योरेंस की सलाह
विभाग ने स्पष्ट किया है कि वीजा प्रोसेसिंग फीस नॉन-रिफंडेबल होगी। यानी आवेदन रद्द होने, नियमों में बदलाव आने या यात्रा योजना बदलने पर भी शुल्क वापस नहीं मिलेगा। इसके अलावा, यात्रियों को पूरे सफर के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लेने की सलाह दी गई है, क्योंकि विदेशी नागरिकों को वहां इलाज का खर्च खुद उठाना होगा।
रोजगार तलाशने पर दी गई थी चेतावनी
मलेशिया ने दिसंबर 2023 में यह छूट शुरू की थी, जिसे बाद में 2026 के अंत तक बढ़ाया गया था। गौरतलब है कि भारत ने भी सितंबर में अपने नागरिकों को आगाह किया था कि वे नौकरी खोजने के लिए इस 30-दिन की वीजा-फ्री सुविधा का गलत इस्तेमाल न करें। दूसरी ओर, भारत सरकार ने भी हाल ही में अपनी वीजा व्यवस्था को आसान बनाते हुए मुख्य कैटेगरी 13 से घटाकर 9 और आवेदन फॉर्म की जानकारियों में 70 फीसदी तक की कटौती की है।

