देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण, कॉलेज छात्रों को मिलेगी मुफ्त एंट्री
देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण, कॉलेज छात्रों को मिलेगी मुफ्त एंट्री
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेज के छात्रों को भी निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।
पर्यटकों का बढ़ेगा आकर्षण
सीएम धामी ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा तथा सैलानियों को नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। देहरादून चिड़ियाघर में हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी होती है।
कॉलेज विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के लिए शुरू की गई मुफ्त प्रवेश व्यवस्था के अच्छे नतीजे सामने आए हैं। इसी को आगे बढ़ाते हुए अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क एंट्री मिलेगी, ताकि युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक समझ मिल सके।
विकास और पर्यावरण में संतुलन पर जोर
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय रूप से संवेदनशील राज्य है, जहां प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती रहती है। ऐसे में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता को बचाने में नई पीढ़ी की भूमिका को अहम बताया।

