परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का सीएम धामी ने किया निरीक्षण
परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का सीएम धामी ने किया निरीक्षण
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच, सिटिंग अरेंजमेंट, सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, पेयजल और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम में आने वाली जनता की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और यातायात प्रबंधन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए ताकि आम नागरिकों को कोई असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और समय से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली और विनय शंकर पांडेय सहित शासन व जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

