राष्ट्रीय

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों पर रोक: दिल्ली में तय हुईं तीन नई जगहें

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों पर रोक: दिल्ली में तय हुईं तीन नई जगहें

​नई दिल्ली:

​दिल्ली के जंतर-मंतर पर अब धरना-प्रदर्शन और रैलियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में दी गई अधिसूचना को रद्द कर दिया गया है। गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के आधार पर विरोध प्रदर्शन के लिए अब दिल्ली में तीन नए स्थान तय किए गए हैं, जिनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं। इन तीनों स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए अलग से विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की जाएगी।

​इस फैसले के पीछे मुख्य वजह मध्य दिल्ली में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम और आम जनता को होने वाली असुविधा है। जंतर-मंतर के आसपास कई बड़े अस्पताल और स्कूल स्थित हैं, जो बार-बार होने वाले धरने-प्रदर्शनों के कारण प्रभावित होते थे। कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी सीजेआई के समक्ष इस मुद्दे पर सुनवाई के दौरान वैकल्पिक जगहों पर विचार करने की बात कही थी, जहां प्रदर्शनकारियों के लिए पानी, शौचालय और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।

​गौरतलब है कि रामलीला मैदान का ऐतिहासिक महत्व सौ साल से भी पुराना है। देश के कई बड़े राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन इसी मैदान से जुड़े रहे हैं, जिनमें दीनदयाल उपाध्याय, इंदिरा गांधी, जयप्रकाश नारायण (जेपी) और अन्ना हजारे के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक आंदोलन शामिल हैं। जेपी ने यहीं से ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’ का प्रसिद्ध नारा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *