ऋषभ पंत न्यूजीलैंड दौरे के शुरुआती दो मैचों से बाहर, कुमार कुशाग्र को टीम में मिली जगह
ऋषभ पंत न्यूजीलैंड दौरे के शुरुआती दो मैचों से बाहर, कुमार कुशाग्र को टीम में मिली जगह
नई दिल्ली:
विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत लेफ्ट-साइड स्ट्रेन के कारण न्यूजीलैंड के आगामी दौरे पर ‘इंडिया-ए’ के शुरुआती दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी है।
पंत का इस दौरे पर खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर था। 1 से 4 अक्टूबर के बीच ईरानी कप में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ‘रेस्ट ऑफ इंडिया’ टीम की कप्तानी करते हुए उन्हें वायरल बुखार हो गया था। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि 29 वर्षीय पंत मेडिकल टीम की देखरेख में हैं और लिंकन में 7 अक्टूबर से शुरू होने वाले तीसरे मैच में उनके खेलने पर फैसला बाद में लिया जाएगा। पुरुष चयन समिति ने पहले दो मुकाबलों के लिए उनकी जगह झारखंड के 21 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को चुना है।
कुशाग्र हाल ही में पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ ‘इंडिया-ए’ के रेड-बॉल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करके आ रहे हैं। उन्होंने पहले मैच में 113 और 46 रनों की पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। यह ‘शैडो ए’ सीरीज दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में खेली जाने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले अहम तैयारी का मौका देगी, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की दौड़ के लिहाज से भी काफी अहम है।
इंडिया-ए की अपडेटेड टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, वाशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार और कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर – केवल पहले और दूसरे मैच के लिए)।

