INDIA गठबंधन का दिल्ली में बड़ा शक्ति प्रदर्शन, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हुई याचिका
INDIA गठबंधन का दिल्ली में बड़ा शक्ति प्रदर्शन, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हुई याचिका
नई दिल्ली:
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन ने एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। विपक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा मोर्चा खोला।
इससे पहले 12 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देशवासियों, विपक्षी दलों और सिविल सोसाइटी के संगठनों से इस कथित “वोट चोरी” के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की थी। रविवार को बाराखंबा रोड से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के कई शीर्ष नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट की ओर पैदल मार्च शुरू किया। सुरक्षा कारणों और पुलिस बैरिकेडिंग के चलते नेताओं को कुछ दूरी पर रोका गया, जिसके बाद राहुल गांधी और कुछ सीमित नेताओं को सुप्रीम कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति मिली।
सुप्रीम कोर्ट परिसर में कानूनी टीम से मुलाकात के बाद राहुल गांधी की ओर से शीर्ष अदालत में एक औपचारिक याचिका दायर की गई। इस याचिका में SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने, कथित तौर पर वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने की निष्पक्ष जांच कराने और पूरी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी दो टूक कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विपक्ष का यह संघर्ष हर हाल में जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। हालांकि याचिका दाखिल करने और सुप्रीम कोर्ट परिसर में विरोध दर्ज कराने के बाद इंडिया गठबंधन का यह मार्च संपन्न हो गया, लेकिन विपक्ष ने साफ कर दिया है कि चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया के खिलाफ उनका राजनीतिक व कानूनी संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

