पुंछ में बड़ा हादसा: LoC पर बारूदी सुरंग फटने से लश्कर के टॉप कमांडर समेत चार पाकिस्तानी आतंकी ढेर
पुंछ में बड़ा हादसा: LoC पर बारूदी सुरंग फटने से लश्कर के टॉप कमांडर समेत चार पाकिस्तानी आतंकी ढेर
पुंछ:
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास घुसपैठ की कोशिश कर रहे चार पाकिस्तानी आतंकवादी बारूदी सुरंग की चपेट में आने से मारे गए हैं। यह घटना केजी सेक्टर के सतवाल-नकी इलाके में हुई, जहां आतंकवादी भारत की सीमा में दाखिल होने की फिराक में थे। मारे गए आतंकवादियों में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर मुहम्मद फैजान भी शामिल है। इसके अलावा अन्य तीन की पहचान मुहम्मद इश्तियाक, मुहम्मद वकास और मुहम्मद आसिम के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoJK) के पुंछ जिले की हजीरा तहसील के रहने वाले थे।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे सेक्टर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और नियंत्रण रेखा के आसपास निगरानी बेहद कड़ी कर दी है ताकि घुसपैठ के किसी भी अन्य प्रयास को नाकाम किया जा सके।
उधर, भारतीय सेना के जवानों ने मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा बाड़ के पास तलाशी अभियान के दौरान दो पुरानी बारूदी सुरंगों का पता लगाया, जिन्हें बाद में नियंत्रित विस्फोट के जरिए सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। पिछले एक हफ्ते के भीतर सेना ने इस इलाके में करीब 12 बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया है।

