पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लागू, पीटीआई मार्च को रोकने की तैयारी के बीच पुलिसकर्मियों में असंतोष
पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लागू, पीटीआई मार्च को रोकने की तैयारी के बीच पुलिसकर्मियों में असंतोष
इस्लामाबाद:
पाकिस्तान की संघीय सरकार ने खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत में आपातकाल लागू कर दिया है। पीटीआई (पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ) शासित इस प्रांत में बढ़ती आतंकी गतिविधियों और संवैधानिक मूल्यों की बहाली के नाम पर पार्टी द्वारा निकाले जाने वाले लॉन्ग मार्च को इसके मुख्य कारणों के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस प्रशासनिक फैसले के बीच पंजाब पुलिस के जवानों की नाराजगी ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीटीआई के विरोध मार्च को रोकने के लिए रावलपिंडी डिवीजन में तैनात करीब 40,000 पुलिसकर्मियों में से 25,000 जवानों को अटक से खैबर पख्तूनख्वा भेजे जाने की संभावना है। लेकिन थके-हारे पुलिसकर्मी इस तैनाती को बड़ी मुसीबत मान रहे हैं। पिछले कुछ हफ्तों से ड्यूटी पर तैनात जवानों को बासी और खराब खाना मिलने, वॉशरूम की बदहाल स्थिति और रहने की बेहद खराब परिस्थितियों की शिकायतें सामने आ रही हैं।
इसके अलावा, पीटीआई विरोध प्रदर्शन के दौरान अटक और वाह कैंट में ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों की मौत की भी पुष्टि हुई है, जिनमें से दो की जान हार्ट अटैक, एक की डूबने और दो की स्वास्थ्य संबंधी अन्य दिक्कतों के कारण गई, जबकि एक कॉन्स्टेबल सर्पदंश के बाद गंभीर स्थिति में है। स्थानीय मीडिया और जवानों के इन मुद्दों पर चिंता जताने के बावजूद, पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) अब्दुल करीम ने स्पष्ट किया है कि पंजाब से केपी में फोर्स भेजने को लेकर अभी तक कोई अंतिम निर्णय या आधिकारिक निर्देश जारी नहीं किया गया है।

