अन्तर्राष्ट्रीय

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन करेंगे अमेरिका का दौरा, संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में होंगे शामिल

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन करेंगे अमेरिका का दौरा, संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में होंगे शामिल

​अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे लंबे संघर्ष के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और उनका प्रतिनिधिमंडल अगले हफ्ते अमेरिका का दौरा करने वाला है। न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा की हाई-लेवल बैठक में शामिल होने के लिए ट्रंप प्रशासन ने ईरानी नेताओं को अनुमति दे दी है। ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेजबान देश के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का पालन करते हुए ईरानी सरकार के मुख्य प्रतिनिधिमंडल को इस सत्र में शामिल होने की इजाजत दी गई है।

​यात्रा पर रहेंगी कड़ी पाबंदियां

समाचार एजेंसी ‘यूएनबी’ के अनुसार, न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान ईरानी राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल पर यात्रा से जुड़ी सख्त पाबंदियां लागू रहेंगी। अमेरिकी विदेश विभाग की नीति के तहत उन पर किसी भी तरह की लग्जरी या अन्य सामानों की खरीदारी करने पर रोक होगी।

​यह संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च-स्तरीय सप्ताह का 81वां सत्र है, जो मंगलवार से शुरू हो रहा है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन इस दौरान बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। आम तौर पर अमेरिकी सरकारें वैश्विक नेताओं को इन बैठकों के लिए वीजा देती रही हैं, हालांकि पिछले साल ट्रंप प्रशासन ने फिलिस्तीनी प्राधिकरण और फिलिस्तीन मुक्ति संगठन के सदस्यों के वीजा को लेकर सख्त रुख अपनाया था।

​खाड़ी क्षेत्र में जारी है तनाव और ऊर्जा संकट

गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच इस वर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ संघर्ष छह महीने से अधिक समय से जारी है। इस दौरान अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई के जवाब में ईरान ने उन खाड़ी देशों को भी निशाना बनाया जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। इसके अलावा, ईरान द्वारा वैश्विक ऊर्जा के एक अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को बंद किए जाने के बाद से खाड़ी में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस अहम मार्ग के बंद होने से दुनिया के कई देशों को ऊर्जा संकट और तेल-गैस की आपूर्ति में भारी बाधा का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *