पाकिस्तान: कोहाट में मस्जिद के पास भीषण विस्फोट, जुमे की नमाज के दौरान धमाके में 15 की मौत और 50 से अधिक घायल
पाकिस्तान: कोहाट में मस्जिद के पास भीषण विस्फोट, जुमे की नमाज के दौरान धमाके में 15 की मौत और 50 से अधिक घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइंस क्षेत्र स्थित एक मस्जिद के पास एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। यह धमाका जुमे की नमाज के समय हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जियो न्यूज के मुताबिक, जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ताहिर अली शाह ने बताया कि अस्पताल में 15 शवों और 50 से अधिक घायलों को लाया गया है, जिनमें कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। धमाका इतना जोरदार था कि वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया और मस्जिद का बाहरी हिस्सा तथा एक दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बचाव अभियान जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के तुरंत बाद पुलिस लाइंस क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के कार्य में जुटे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में बचाव अभियान अभी भी जारी है।
बढ़ते आतंकी हमलों का सिलसिला
यह विस्फोट ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में सुरक्षा बलों व कानून-व्यवस्था कर्मियों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले 10 सितंबर को बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में एक पुलिस चौकी पर हुए हमले में एक कांस्टेबल की मौत हो गई थी।
इस्लामाबाद स्थित थिंक टैंक ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज’ की रिपोर्ट के अनुसार, देश में आतंकवाद की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जहां जुलाई में 144 हमले दर्ज हुए थे, वहीं अगस्त में बढ़कर इनकी संख्या 199 हो गई। अगस्त महीने में इन हमलों के कारण 158 लोगों की जान गई और 181 लोग घायल हुए।

