राजनीति

अखिलेश यादव बोले- परिवारवाद के कुछ फायदे भी हैं, इसी वजह से नहीं टूटी समाजवादी पार्टी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को परिवारवाद के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कहा कि परिवारवाद के कुछ फायदे भी होते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने दावा किया कि एक ही परिवार के कई सांसद होने के कारण समाजवादी पार्टी टूटने से बची।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती थी, लेकिन जनता ने उसे हरा दिया। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दल टूट गए, लेकिन समाजवादी पार्टी के नहीं टूटने के पीछे एक कारण यह भी था कि उसके पांच सांसद एक ही परिवार से थे। इसके अलावा पार्टी में मुस्लिम सांसद और मजबूत समाजवादी विचारधारा वाले नेता भी थे।

‘सच कहने पर पाबंदी’

अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सच बोलने पर पाबंदी है। उन्होंने दावा किया कि जो लोग स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति दिखाना चाहते थे, उन पर भी कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में इंटरनेट, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से बदल रहे हैं। नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के अनुरूप काम करना जरूरी है, वरना रोजगार और विकास के मामले में पिछड़ने का खतरा है।

अखिलेश ने किसानों के लिए भी एआई के इस्तेमाल की वकालत की। उन्होंने कहा कि तकनीक को समझे बिना भविष्य की चुनौतियों का सामना करना मुश्किल होगा।

चुनाव की तैयारी में जुटी सपा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव की तैयारी कर रही है और जल्द ही पार्टी की गतिविधियां और तेज दिखाई देंगी। उन्होंने कहा कि बुनियादी सवाल उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है और नई पीढ़ी के सवालों को गंभीरता से लेने की जरूरत है।

PDA को लेकर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा PDA से घबराई हुई है और इसलिए उसकी अलग-अलग व्याख्याएं की जा रही हैं। उन्होंने PDA को ‘प्रेम, दया और अपनापन’ से भी जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी लोग इन्हीं भावनाओं के जरिए लोगों को जोड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि जितना समाज में लोगों की पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही PDA मजबूत होगा और समाजवादी पार्टी को इसका फायदा मिलेगा।

गठबंधन पर बोले- ‘बना रहेगा’

जयंत चौधरी को लेकर हुए विवाद पर अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए कहा कि आज सच बोलना भी गलत माना जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी गठबंधन तोड़ने वाली पार्टी नहीं है और वह अपने साथियों का साथ निभाती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उनका गठबंधन बना रहेगा और विवाद को समझने के लिए संबंधित वीडियो देखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *